स्वदेशी जागरण मंच का डिजिटल अभियान शुरू, जिले में ढाई लाख लोग बनेंगे ‘स्वदेशी समर्थक’

-मालवा प्रांत में 20 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य, क्यूआर कोड स्कैन कर तुरंत मिलेगा प्रमाण पत्र
उज्जैन। स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में 1 अगस्त से देशव्यापी “मैं भी स्वदेशी समर्थक” डिजिटल जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। 20 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को गर्व के साथ स्वदेशी आंदोलन से जोड़ना और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है।
प्रांत सहसंयोजक दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि इस अभियान के तहत मालवा प्रांत में 20 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें अकेले उज्जैन जिले से 2.5 लाख नागरिकों को जोड़ा जाएगा। यह अभियान देश के उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी नवाचारों को समर्थन देने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
लिंक और क्यूआर कोड से होगा पंजीयन
नागरिक सीधे लिंक https://mysba.co.in/swadeshi_samarthan_registration.php पर जाकर या क्यूआर कोड स्कैन कर अपना पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन होते ही उन्हें तुरंत ‘स्वदेशी समर्थक’ का डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त हो जाएगा।
युवाओं के जुड़ने से देश बनेगा आर्थिक महाशक्ति
युवा आयाम प्रमुख हिमांशु सिंह कुशवाह ने बताया कि यह अभियान केवल सामान खरीदने तक सीमित नहीं है। यह अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं का स्वाभिमान जगाने का महायज्ञ है। युवाओं के स्वदेशी अपनाने से ही भारत सही मायने में वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनेगा।
अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए आयोजित बैठक में प्रदीप तिवारी, महेश पाटीदार, गोपाल सिंह जादौन, नंदकिशोर मंडलोई, अजय त्रिवेदी और प्रकाश पुरोहित सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



