देश

संतों की तर्ज पर देश के प्रसिद्ध मंदिरों के पुजारियों को भी मिले महाकाल गर्भगृह में प्रवेश

-अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने स्वघोषित पीठाधीश्वरों की मान्यता पर उठाए सवाल, कहा नियम सबके लिए एक हो

उज्जैन (लोकवर्चस्व टीम)। श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में संतों और पीठाधीश्वरों को दिए जाने वाले प्रवेश को लेकर अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने सवाल खड़े किए हैं। महासंघ ने मंदिर समिति अध्यक्ष और कलेक्टर से मांग की है कि जिस तरह संतों को गर्भगृह में प्रवेश दिया जाता है, उसी तर्ज पर देश के प्रसिद्ध और उज्जैन के प्राचीन मंदिरों के पुजारियों को भी यह अनुमति मिलनी चाहिए।
पुजारी महासंघ के राष्ट्रीय सचिव रूपेश मेहता ने मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समिति कई स्वघोषित पीठाधीश्वरों और संतों पर मेहरबान दिखाई देती है। शहर में कई लोगों ने छोटे प्लॉट या सरकारी जमीन पर कब्जा कर आश्रम बना लिए हैं और पीठाधीश्वर का बोर्ड लगा दिया है। क्या केवल बोर्ड लगा लेना ही पीठाधीश्वर होने की योग्यता है।
महासंघ ने पूछा है कि क्या मंदिर समिति इन स्वघोषित आश्रमों और संतों की मान्यता, परंपरा और दस्तावेजों की जांच करती है। अगर नहीं, तो केवल नाम के आगे संत या महंत लगाने भर से उन्हें गर्भगृह में प्रवेश कैसे दिया जा सकता है।
महासंघ का तर्क है कि देश और नगर के प्राचीन मंदिरों के वास्तविक पुजारी वर्षों से भगवान की सेवा और सनातन धर्म परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। वे मंदिरों के प्रति संतों से ज्यादा समर्पित हैं, फिर भी उन्हें गर्भगृह प्रवेश से वंचित रखा जाता है। सनातन धर्म के एक पहिए को रोककर उसे कमजोर क्यों किया जा रहा है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि महाकाल की मर्यादा के अनुरूप नियम सभी के लिए एक समान होने चाहिए।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button