पांच गुना महंगी दरों से भड़के झूला व्यापारी, कार्तिक मेले का बहिष्कार

-19 भूखंडों में से केवल 6 पर लगी बोली, सभापति का राहत प्रस्ताव भी अधिकारियों की फाइलों में कैद
उज्जैन (राजेंद्र पुरोहित)। नगर निगम की पांच गुना तक बढ़ाई गई टेंडर दरों के विरोध में झूला व्यापारियों ने इस बार कार्तिक मेले का बहिष्कार कर दिया है। इसका असर टेंडर प्रक्रिया में भी दिखाई दिया, जहां 19 झूलों के भूखंडों में से केवल 6 पर ही बोली लग सकी। निगम सभापति द्वारा सदन में व्यापारियों को राहत देने के लिए पारित पूरक प्रस्ताव पर भी अमल नहीं होने से विवाद गहरा गया है।
व्यापारियों के अनुसार, पिछले चार वर्षों से 1.50 से 2.50 लाख रुपए तक रहने वाली भूखंडों की दरें इस बार लगभग पांच गुना बढ़ा दी गई हैं। झूला व्यापारी सुरेंद्र सारवान ने बताया कि पिछले वर्ष हुए आर्थिक नुकसान और बढ़ी हुई दरों के चलते व्यापारी झूले लगाने की स्थिति में नहीं हैं। व्यापारियों ने निगम को लिखित आवेदन देकर पुरानी दरें लागू करने तथा 50 प्रतिशत राशि अग्रिम और शेष 15 दिनों में जमा करने का प्रस्ताव दिया है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि महंगी दरों पर भूखंड मिलने से झूलों के टिकट भी महंगे होंगे, जिसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ेगा। वहीं, टेंडर और आवंटन में देरी के कारण विशाल झूले लगाने के लिए अब केवल सात दिन का समय बचने की चुनौती भी सामने है। यदि निगम और व्यापारियों के बीच जल्द सहमति नहीं बनी तो इस बार कार्तिक मेले में झूलों का रोमांच गायब रह सकता है।



