उज्जैन

सीएम डॉ. मोहन यादव और पं. प्रदीप मिश्रा 2 अगस्त को दिखाएंगे 84 महादेव दर्शन यात्रा को धर्म ध्वजा

-10 हजार महिलाओं के साथ नानाखेड़ा से निकलेगी पालकी यात्रा

उज्जैन। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर चौथी निशुल्क 84 महादेव दर्शन यात्रा का शुभारंभ 2 अगस्त रविवार से होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले 10 हजार महिलाओं को भगवा धर्म ध्वजा दिखाकर इस यात्रा को रवाना करेंगे।

आयोजक ललित लुल्ला और शेशांत चंदेरिया ने बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा ने कथा और अनुष्ठान की व्यस्तताओं के बावजूद आयोजन समिति के विशेष आग्रह पर इस पुनीत कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान की है। विगत तीन वर्षों की सफलता के बाद इस वर्ष भी श्रावण माह के प्रत्येक रविवार 2, 9, 16, 23 और 30 अगस्त को सुबह 8 बजे टावर चौक से निशुल्क दर्शन यात्रा प्रारंभ होगी। मंच कार्यक्रम के बाद सभी श्रद्धालु बसों द्वारा 84 महादेव दर्शन के लिए रवाना होंगे। विशेष रूप से दर्शनार्थियों को अभिमंत्रित रुद्राक्ष की माला का वितरण भी किया जाएगा।

नानाखेड़ा से शुरू होगी पालकी यात्रा

संस्था संरक्षक व वरिष्ठ समाजसेवी नारायण यादव, प्रेरणा स्रोत महेश परियानी और यात्रा संयोजक वैभव यादव के मार्गदर्शन में 2 अगस्त को नानाखेड़ा से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पंडित प्रदीप मिश्रा पालकी पूजन करेंगे। इसके बाद पालकी यात्रा सुभाष नगर, सांवेर रोड, सिंधी कॉलोनी तिराहा और तीन बत्ती चौराहा होते हुए टावर चौक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सुप्रसिद्ध भजन गायक मनीष तिवारी अपने भजनों की प्रस्तुति देंगे।

इन संतों का मिलेगा पावन सानिध्य

कार्यक्रम में भर्तृहरी गुफा के गादीपति 1008 योगी पीर श्री रामनाथ जी महाराज, वाल्मीकि धाम के पीठाधीश्वर व राज्यसभा सांसद बाल योगी श्री उमेश नाथ जी महाराज, श्री पंचदशनाम अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी श्री शैलेशानंद गिरि जी महाराज और श्री कृष्ण मित्रवृंदा के संस्थापक श्री गिरीश गुरु जी बालक का सानिध्य प्राप्त होगा।

ये अतिथि रहेंगे उपस्थित

मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, मप्र गृह निर्माण अधोसंरचना विकास मंडल भोपाल के अध्यक्ष ओम जैन, भाजपा नगर जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल और युवा समाजसेवी अभय यादव उपस्थित रहेंगे।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button