पंचकोशी के सभी पड़ाव बनेंगे पर्यटक ग्राम, ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

-सिंहस्थ-2028 के लिए होटल और टेंट सिटी बनाने का व्यवसायियों से आह्वान, उज्जैन में बनेगा होटल व्यवसाय के लिए सिंगल विंडो केंद्र
उज्जैन (राजेंद्र पुरोहित)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर उज्जैन में पर्यटन सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा। पंचकोशी यात्रा के 118 किलोमीटर लंबे मार्ग पर आने वाले सभी पड़ावों को पर्यटक ग्राम घोषित कर उनका योजनाबद्ध विकास किया जाएगा। इसके साथ ही उज्जैन जिले के बोरेश्वर-दंगवाड़ा, गजनीखेड़ी और रुणीजा सहित अन्य ग्रामों को भी ग्रामीण पर्यटन से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को उज्जैन के एक निजी होटल में उज्जैन और इंदौर के प्रमुख होटल व्यवसायियों के साथ वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवास व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए होटल, होमस्टे और टेंट सिटी विकसित करने के लिए व्यवसायियों से निवेश का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि होटल निर्माण के लिए पर्यटन विकास निगम द्वारा 30 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उज्जैन में होटल व्यवसाय से संबंधित सभी एनओसी और अनुमतियां उपलब्ध कराने के लिए विशेष सेल बनाया जाएगा। इसके माध्यम से सिंगल विंडो व्यवस्था लागू होगी, जिससे व्यवसायियों को सभी जरूरी स्वीकृतियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ की तैयारियों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 में 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में उनके ठहरने, आवागमन और अन्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करना आवश्यक है। वर्ष 2016 में उज्जैन में होटलों के कमरों की संख्या 570 थी, जो वर्ष 2028 तक बढ़कर लगभग 16,500 होने का अनुमान है। इसके बावजूद आवासीय सुविधाओं का और विस्तार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में समाज और निजी क्षेत्र की भागीदारी भी महत्वपूर्ण होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ के लिए आधारभूत संरचना के विकास कार्य तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए टेंट सिटी और अन्य वैकल्पिक आवास व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के विजन के अनुरूप उज्जैन में चहुंमुखी विकास हो रहा है। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए लगभग 30 किलोमीटर लंबे घाटों का निर्माण किया जा रहा है। सिलारखेड़ी योजना के माध्यम से सिंहस्थ में शिप्रा नदी के जल से स्नान की योजना भी साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के बाद लोगों को एक नया उज्जैन देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद उमेशनाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित संजय अग्रवाल, राजेश धाकड़, रवि वर्मा, अमित श्रीवास्तव और विजय खंडेलवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।



