इंगोरिया पुलिस ने 01 घंटे में ₹1,75,000/- से भरा गुम हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर फरियादी को लौटाया

उज्जैन 06 जून। थाना इंगोरिया पुलिस द्वारा तत्परता एवं सजगता का परिचय देते हुए मात्र 01 घंटे के भीतर ₹1,75,000/- नगदी एवं आवश्यक दस्तावेजों से भरा गुम हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर फरियादी को सुपुर्द किया गया।
फरियादी ध्रुव पिता विनोद अग्रवाल, उम्र 27 वर्ष, निवासी बेलगंज आगरा (उत्तर प्रदेश) द्वारा थाना इंगोरिया पर मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई कि 06.06.2026 को वह उज्जैन से बदनावर अपने कार्य हेतु बीके यादव बस से यात्रा कर रहा था। फरियादी आयुर्वेदिक मेडिसिन मार्केटिंग का कार्य करता है तथा अपने व्यवसाय के सिलसिले में उज्जैन से बदनावर जा रहा था। उसके बैग में लगभग ₹1,75,000/- नगदी एवं आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे।
यात्रा के दौरान फरियादी अपना बैग बस में ही भूल गया। जब बस ग्राम इंगोरिया पहुँची, तब फरियादी को बैग नहीं मिलने पर तत्काल थाना इंगोरिया पहुंचकर शिकायत की। सूचना प्राप्त होते ही थाना इंगोरिया पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी एवं चेकिंग की गई।
पुलिस टीम की तत्परता से फरियादी का नगदी से भरा बैग न्यू ब्रिज इंगोरिया के पास से सुरक्षित बरामद किया गया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें रखे ₹1,75,000/- नगद एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए, जिन्हें विधिवत फरियादी को सुपुर्द किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्यवाही में निरीक्षक दीपेश व्यास, उनि नानकराम पटेल, सउनि दिनेश निनामा, आरक्षक नितेश रायकवार, आरक्षक भोजराज परमार एवं आरक्षक दीपक सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।



