उज्जैन में दिनदहाड़े बुजुर्ग को गोली मारी…

-भागते हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
उज्जैन (लोक वर्चस्व टीम)। शुक्रवार अपराह्न लगभग 3 बजे फ्रीगंज स्थित टावर चौक पर एक बुजुर्ग को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घायल की हालत चिंताजनक बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बुजुर्ग टावर चौक पर पैदल जा रहे थे, तब एक व्यक्ति ने दौड़ते हुए उनके पेट में गोली मार दी। बुजुर्ग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति ने नजदीक से उनके पेट में गोली मारी है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे ट्रैक की ओर आरोपी के भागने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस बल उसके पीछे लग गया। रेलवे ट्रैक पर पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गोली मारने वाला व्यक्ति उज्जैन जिले की तराना तहसील का रहने वाला है और उसने अपना नाम प्रभुलाल मालवीय बताया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपित बार-बार अपने बयान बदल रहा है। सही जानकारी नहीं दे पा रहा है। लगता है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
घायल बुजुर्ग की पहचान हुई
घायल बुजुर्ग का नाम आशुतोष बताया गया है और वह उज्जैन के अब्दालपुरा क्षेत्र का निवासी है। घायल का कहना है कि गोली मारने वाले को वह पहचानते नहीं है। उनकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। इधर पुलिस का कहना है कि आरोपित के बयान होने पर ही उसके द्वारा गोली मारने का कारण ज्ञात हो सकेगा। साथ ही वह यह हथियार कहां से लाया है, उसकी भी जानकारी मिल सकेगी।



