देश

नया उदासीन अखाड़े में नियमों-परंपराओं के उल्लंघन की जांच कर पीड़ित संतों को न्याय दिलाएंगे: श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी

-नया उदासीन अखाड़े के मकान पर कब्जा, मंगलदास के खिलाफ उज्जैन कलेक्टर से होगी शिकायत

-अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद बनाएगा जांच कमेटी, अखाड़ों में फर्जी देवता बनाने वालों पर भी गिरेगी गाज

उज्जैन(राजेंद्र पुरोहित)। उज्जैन स्थित श्री पंचायती नया उदासीन अखाड़े के मकान पर मंगलदास द्वारा किए गए अवैध कब्जे के मामले में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद सख्त कदम उठाने जा रहा है। अखाड़ा परिषद इस मामले की शिकायत सीधे उज्जैन कलेक्टर से करेगा। इसके साथ ही विभिन्न अखाड़ों में परंपराओं और नियमों का उल्लंघन करने वालों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा, ताकि पीड़ित संतों को न्याय मिल सके।

श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन की पंजाब शाखा द्वारा श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी और महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी के नेतृत्व वाले अखाड़ा परिषद को समर्थन देने के बाद यह निर्णय लिया गया है। जूना अखाड़े में पंजाब शाखा के पदाधिकारियों के समर्थन की घोषणा के बाद श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि अखाड़ों में हो रही अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नकली देवता बनाने की भी होगी जांच

श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने बताया कि पंजाब शाखा के महंतों ने शिकायत की है कि महंत भगत राम सहित अन्य लोगों ने अखाड़े के देवता भी नकली बना लिए हैं। यह कृत्य सीधे तौर पर सनातन धर्म का अपमान है, जिसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। इसके अलावा श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महंत प्रज्ञान मुनि, महंत रमन मुनि और निर्मल अखाड़े के पूर्व सचिव महंत बलवंत सिंह ने भी अपने अखाड़ों में अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई है। जांच के बाद नियमानुसार कठोर निर्णय लिए जाएंगे।

परिषद को मिला नौ अखाड़ों का समर्थन

महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी ने बताया कि वर्तमान में अखाड़ा परिषद को निरंजनी, जूना, आह्वान, अग्नि, आनंद, निर्मल, निर्मोही, नया उदासीन और बड़ा उदासीन सहित नौ अखाड़ों का समर्थन प्राप्त है। सभी अखाड़े एकजुट होकर परंपराओं का संरक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि नया उदासीन की पंजाब शाखा के पंच परमेश्वरों सहित 40 सदस्यीय कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा से अवगत कराया है। जल्द ही परिषद की बैठक बुलाकर जांच कमेटी बनाई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी।

इन्हीं के नेतृत्व में होगा उज्जैन सिंहस्थ 2028

महंत बलवंत सिंह ने स्पष्ट किया कि श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी और श्रीमहंत हरि गिरी के नेतृत्व वाली अखाड़ा परिषद ही असली है। आगामी उज्जैन का सिंहस्थ महाकुंभ 2028, हरिद्वार कुंभ और नासिक महाकुंभ इन्हीं के नेतृत्व में संपन्न होंगे। इस अवसर पर श्रीमहंत प्रेम गिरी, महंत महेश पुरी, महंत शिवशंकर गिरी सहित बड़ी संख्या में संत-महंत उपस्थित थे।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button