हरिफाटक चौराहे पर अंडरपास निर्माण कार्य के चलते 21 नवंबर से यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू

(प्रतीकात्मक चित्र)
–वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित, भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा
उज्जैन (लोक वर्चस्व टीम)। हरिफाटक चौराहा से 12 खोली (इंटरप्रिटेशन चौराहा) तक अंडरपास निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के अंतर्गत हरिफाटक चौराहा से कचरा घर की ओर खुदाई किए जाने के कारण यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। इस दौरान हरिफाटक चौराहा से जंतर-मंतर एवं लालपुल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए 21 नवंबर 2026 से निम्नानुसार यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
इंदौर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए
- हरिफाटक चौराहा से जंतर-मंतर की ओर केवल चार पहिया ट्रैवलर, मिनी बस एवं दोपहिया वाहन ही जा सकेंगे।
- भारी मालवाहक एवं यात्री वाहनों को आस्था तिराहा से सिंहस्थ बायपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- स्कूल बसें वाकणकर ब्रिज से दाउदखेड़ी होते हुए सिंहस्थ बायपास के रास्ते चिंतामण ब्रिज, लालपुल होते हुए जंतर-मंतर एवं अर्थव होटल की ओर जा सकेंगी।
श्री महाकाल मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं हेतु
श्रद्धालु आस्था तिराहा से सिंहस्थ बायपास होते हुए चिंतामण ब्रिज से उतरकर लालपुल टी एवं लालपुल टर्निंग से वाहन कर्कराज पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। यहां वाहन पार्क करने के बाद पैदल नरसिंहघाट एवं हरसिद्धि चौराहा होते हुए श्री महाकाल मंदिर दर्शन के लिए जा सकेंगे।
बड़नगर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए
- आगर से बड़नगर की ओर जाने वाले वाहन चौपाल सागर से साडूमाता की बावड़ी तिराहा, सिंहस्थ बायपास, मोहनपुरा ब्रिज एवं धर्मबड़ला रेलवे ओवरब्रिज होते हुए चंदूखेड़ी से बदनावर फोरलेन होकर बड़नगर की ओर जा सकेंगे।
- मंडी चौराहा से पांड्याखेड़ी चौराहा, विक्रम नगर एवं पाइप फैक्ट्री चौराहा से नागझिरी होते हुए चंदेसरी से बदनावर फोरलेन होकर बड़नगर की ओर जा सकेंगे।
बड़नगर एवं मोहनपुरा की ओर से हरिफाटक चौराहा आने वाले हल्के वाहनों के लिए
बड़नगर अथवा मोहनपुरा की ओर से आने वाले हल्के वाहन, जिन्हें हरिफाटक चौराहा जाना है, वे सिंहस्थ बायपास से आस्था तिराहा होते हुए शांति पैलेस तिराहा से हरिफाटक चौराहा की ओर जा सकेंगे।
इंदौर की ओर से शहर एवं रेलवे स्टेशन जाने वाले हल्के वाहनों के लिए
इंदौर की ओर से आने वाले हल्के वाहन, जिन्हें शहर अथवा रेलवे स्टेशन जाना है, वे इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा से पाइप फैक्ट्री चौराहा, भरतपुरी तिराहा एवं तीन बत्ती चौराहा होते हुए चामुंडा माता चौराहा एवं रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे।
भारी वाहनों पर पूर्णतः प्रतिबंध
- भारी वाहनों का लालपुल टी से जंतर-मंतर एवं कचरा घर की ओर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
- आस्था तिराहा से हरिफाटक चौराहा की ओर भी भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन द्वारा सभी वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें। निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित यातायात डायवर्जन का पालन करें।



