उज्जैन

पाड़ों की लड़ाई में मासूम की मौत पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल, मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग

-भरत पोरवाल बोले- सात वर्षीय युवराज और घायल बेजुबान पाड़े का क्या दोष, दायमा परिवार को मिले न्याय

उज्जैन (राजेंद्र पुरोहित)। हामुखेड़ी में देवप्रबोधिनी एकादशी पर आयोजित पाड़ों की लड़ाई के दौरान सात वर्षीय मासूम युवराज दायमा की मौत के मामले में जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता भरत पोरवाल ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गरीब टैक्सी चालक आकाश दायमा के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। पाड़ों की लड़ाई में मासूम बच्चे और बेजुबान जानवर का आखिर क्या दोष था? उन्होंने हादसे के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की।
पोरवाल ने कहा कि इस घटना में मासूम की जान चली गई, वहीं मुकाबले के दौरान एक पाड़ा भी घायल हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस दर्दनाक हादसे का जिम्मेदार कौन है और क्या पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगी?
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हामुखेड़ी में प्रतिवर्ष की तरह 12 जोड़ी पाड़ों की लड़ाई आयोजित की गई थी। टैक्सी चालक आकाश दायमा अपने सात वर्षीय इकलौते पुत्र युवराज के साथ मुकाबला देखने पहुंचे थे। तीन जोड़ी पाड़ों की लड़ाई देखने के बाद चौथे मुकाबले के दौरान एक पाड़ा अचानक बेकाबू होकर दर्शकों की भीड़ में घुस गया और बालक युवराज को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल बालक को तत्काल निर्मला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button