छेड़छाड़ के प्रकरण में 20 दिन से फरार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

-थाना महिदपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
उज्जैन (लोक वर्चस्व टीम)। जिला उज्जैन पुलिस द्वारा महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला उज्जैन श्री करणदीप सिंह (भापुसे) एवं एसडीओपी महिदपुर श्री ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महिदपुर निरीक्षक अशोक पाटीदार द्वारा पुलिस टीम गठित कर नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ एवं उसके परिजनों को धमकी देने के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना विवरण के अनुसार दिनांक 31.07.2026 को फरियादी द्वारा थाना महिदपुर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी समीर खान द्वारा उसकी 15 वर्षीय पुत्री के स्कूल जाने के दौरान रास्ते में उसका पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ की जाती थी। प्रकरण में अन्य आरोपियों शाहिद, सोहेल एवं शाहिल द्वारा फरियादी की मां को धमकी दी गई कि यदि उसकी लड़की घर से बाहर निकलेगी तो समीर उसके साथ छेड़छाड़ करेगा।
आरोपियों द्वारा फरियादी पक्ष पर दबाव बनाते हुए 10 हजार रुपये देने की मांग की गई तथा रुपये नहीं देने पर लड़की को समाज में बदनाम करने की धमकी दी गई। उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना महिदपुर पुलिस द्वारा तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में थाना महिदपुर पर अपराध क्रमांक 312/2026, धारा 74, 75(2), 79, 78(2), 308(2), 3(5) बीएनएस अधिनियम तथा धारा 7/8, 11(iv)/12, 9(g)/10 एवं 9(n)/10 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में थाना महिदपुर पुलिस टीम द्वारा आरोपी समीर पिता मोहम्मद रफीक खान, उम्र 27 वर्ष, निवासी दर्जी बाखल, महिदपुर, थाना महिदपुर, जिला उज्जैन को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय महिदपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी का जेल वारंट बनने पर उसे उपजेल महिदपुर में निरुद्ध कराया गया। प्रकरण में पूर्व में 03 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है, जिन्हें जेल भेजा गया है।
इनकी सराहनीय भूमिका रही
उक्त कार्रवाई में थाना महिदपुर पुलिस टीम के निरीक्षक अशोक पाटीदार, उप निरीक्षक अन्नपूर्णा कठेरिया, उप निरीक्षक एन.एस. कनेश, प्रधान आरक्षक 1084 विजय सिंह, आरक्षक 233 विजय मीणा, आरक्षक 1081 समरथ पाटीदार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



