रतलाम के वरिष्ठ पत्रकार श्री शरद जोशी नहीं रहे

-पत्रकारिता क्षेत्र में हुई क्षति अपूरणीय, मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने गहरा दुख जताया
रतलाम/ उज्जैन (लोक वर्चस्व टीम)। वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक स्वदेश रतलाम के ब्यूरो चीफ श्री शरद जोशी का 78 वर्ष की आयु में इंदौर के एक निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान आज देहावसान हो गया। वे कुछ महीनों से अस्वस्थ थे। उन्होंने मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष पद से लेकर कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी है।
श्री जोशी के निधन से प्रदेश की पत्रकारिता का एक स्तंभ ढह गया। निष्पक्ष पत्रकारिता से उन्हें एक पहचान मिली थी। उन्होंने पत्रकारिता के मापदंडों को बनाए रखने के लिए किसी से कोई समझौता नहीं किया।
श्री जोशी ने रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष, रतलाम नागरिक सहकारी बैंक में अध्यक्ष के रूप में वर्षों तक सेवाएं दी। रतलाम की पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को विस्मृत नहीं किया जा सकता। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री शलभ भदौरिया सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने श्री जोशी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए गहरा दुख जताया हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने एक अच्छे साथी और संगठन के सहयोगी को खो दिया है। शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिवार को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति देने के लिए भगवान महाकाल से प्रार्थना की।
स्व. श्री जोशी की अंतिम यात्रा 10 अगस्त 2026 को सुबह 10.30बजे उनके निज निवास पैलेस रोड, रतलाम से निकलेगी।



