प्रदेश

पेट्रोल और डीजल में मिलावट करने वालों सख्त कार्रवाई करने चलाया जा रहा विशेष जांच अभियान

जबलपुर। जिले में पेट्रोल और डीजल में मिलावट करने वालों सख्त कार्रवाई होगी। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने ईंधन की गुणवत्ता से खिलवाड़ और अवैध बिक्री पर लगाम कसने के लिए जिलेभर में विशेष जांच अभियान शुरू करा दिया है। इसके लिए अलग-अलग जांच दल गठित किए गए हैं, जो बिना किसी पूर्व सूचना के पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर सघन जांच करेंगे।     जांच के दौरान सिर्फ ईंधन की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि माप-तौल, भंडारण व्यवस्था, बिक्री का रिकॉर्ड और आवश्यक कानूनी प्रावधानों के पालन की भी बारीकी से पड़ताल की जाएगी। यदि कहीं भी मिलावट, कम तौल या नियमों का उल्लंघन मिला तो संबंधित संचालकों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।  राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशों के तहत शुरू किए गए इस अभियान में प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। हर जांच दल में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नापतौल विभाग के निरीक्षक और इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी तेल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर शामिल किए गए हैं।     कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मचना तय माना जा रहा है, वहीं आम उपभोक्ताओं को शुद्ध ईंधन और सही माप मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button