मां की डांट से नाराज होकर घर छोड़ गई 15 वर्षीय बालिका, पुलिस ने शुजालपुर से सकुशल खोजा

-नानी के घर पहुंच गई थी नाबालिग, चिमनगंज मंडी पुलिस ने समझाइश देकर परिजनों को सौंपा
उज्जैन (लोकवर्चस्व टीम)। मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शुजालपुर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह नाराज होकर अपनी नानी के घर चली गई थी।
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को ढांचा भवन निवासी फरियादिया ने थाना चिमनगंज मंडी में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री किराना दुकान से सामान लेने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 373/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया। पुलिस टीम ने तत्परता से तलाश शुरू की और बालिका को शुजालपुर से सकुशल दस्तयाब कर लिया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि मां की डांट से नाराज होकर वह शुजालपुर स्थित अपनी नानी के घर चली गई थी। पुलिस ने बालिका को समझाइश देकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक पाटीदार, एएसआई रमेश सेन, रेणुका मिश्रा, प्रधान आरक्षक सतीश यादव एवं आरक्षक पूजा सोनगरा की सराहनीय भूमिका रही।



