ज्योतिष

बुधादित्य योग में गज पर सवार होकर आएंगी माता महालक्ष्मी, व्यापार और किसानों के लिए शुभ संकेत

– 8नवंबर को मनेगा दीपावली महापर्व, उज्जैन में शाम 6 बजकर 11 मिनट से शुरू होगा स्थिर लग्न

उज्जैन। महानिशा, महालक्ष्मी आराधना एवं आत्मज्योति का महापर्व दीपावली इस वर्ष 8 नवंबर रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन बुधादित्य योग के साथ ही माता महालक्ष्मी गज वाहन पर सवार होकर आएंगी। श्री मातंगी ज्योतिष केंद्र के ज्योतिर्विद पं. अजय कृष्ण शंकर व्यास के अनुसार दीपावली का रविवार को पड़ना और माता का गज वाहन पर आना व्यापार, व्यवसाय और किसानों के लिए शुभ संकेत है।

     पं. अजय व्यास ने बताया कि बुधादित्य योग संतुलन, आत्मबल, नेतृत्व, प्रतिष्ठा और प्रशासन का प्रतीक है। बुध को बुद्धि, वाणी, गणना, व्यापार, संवाद और न्याय का कारक माना जाता है। रविवार और गज वाहन का यह संयोग समृद्धि, तेज और जनकल्याण का कारक बनेगा। उज्जैन में लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए शाम 6:11 से रात 8:09 बजे तक वृषभ स्थिर लग्न का शुभ मुहूर्त रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:45 से रात 8:19 बजे तक और महानिशीथ काल रात 1:25 से 3:25 बजे तक रहेगा। यह महानिशा शाक्त परंपराओं में महालक्ष्मी एवं शक्ति उपासना, मंत्र-जप और ध्यान के लिए विशेष मानी जाती है।

  पं. व्यास के अनुसार चौघड़िया में सुबह 10:42 से दोपहर 12:04 बजे तक अमृत का शुभ मुहूर्त रहेगा। यह समय नए अस्पताल, क्लिनिक, मेडिकल स्टोर, डायग्नोस्टिक सेंटर, स्वास्थ्य विभाग के सरकारी कार्यालय के उद्घाटन और नई नौकरी या पदभार ग्रहण करने के लिए विशेष फलदायी है। इस दिन स्वाति नक्षत्र का भी प्रभाव रहेगा जो स्वतंत्रता, गति और विस्तार का प्रतीक है। लक्ष्मी-गणेश के साथ सरस्वती पूजन ज्ञान, विवेक और समृद्धि के संतुलन का संदेश देता है।

​दीपावली पर्व पर माता महालक्ष्मी का कमल आसन पवित्रता एवं अनासक्ति, चार भुजाएं धर्म, अर्थ, काम व मोक्ष, कमल पुष्प निर्मलता, स्वर्ण आभूषण ऐश्वर्य, वरद-अभय मुद्रा कृपा व निर्भयता तथा स्वर्ण मुद्राएं समृद्धि व लोककल्याण का प्रतीक हैं। यह महापर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है, जो अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button