मध्य प्रदेश

पितृपक्ष पितरों के लिए पर्व का समय, श्रद्धापूर्वक करें तर्पण एवं श्राद्ध-आचार्य शर्मा

-किशनपुरा छत्री पर सर्वधर्म सामूहिक तर्पण महोत्सव में उमड़े 700 तर्पणकर्ता

इंदौर (लोक वर्चस्व टीम)। श्राद्ध पक्ष के चतुर्थ दिवस पर किशनपुरा स्थित छत्री परिसर में अनंत सेवा न्यास एवं विश्व ब्राह्मण समाज संघ के तत्वावधान में सर्वधर्म सामूहिक तर्पण महोत्सव का आयोजन किया गया। आयोजन में लगभग 700 तर्पणकर्ताओं ने वैदिक विधि-विधान से पितरों के निमित्त तर्पण एवं श्राद्ध कर्म संपन्न किया।

समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आयोजन संयोजक श्री योगेंद्र महंत की उपस्थिति में हुए अनुष्ठान में मध्यप्रदेश ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के प्रदेशाध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक ने श्राद्ध एवं तर्पण के महत्व को प्रतिपादित करते हुए कहा कि “पितृपक्ष पितरों के लिए पर्व का समय है।” पितरों को आशा रहती है कि उनके पुत्र-पौत्रादि उन्हें पिंडदान एवं तिलांजलि प्रदान कर संतुष्ट करेंगे। इसी आशा के साथ पितरों के पितृलोक से पृथ्वीलोक पर आने की मान्यता है। इसलिए पितृपक्ष में पितरों के निमित्त श्रद्धापूर्वक श्राद्ध एवं तर्पण अवश्य करना चाहिए।

आचार्य शर्मा ने कहा कि तर्पण एवं श्राद्ध भारतीय परंपरा में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। पितृपक्ष में विधि-विधान एवं श्रद्धा से किया गया पितृकर्म विशेष महत्व रखता है।

आयोजन संयोजक योगेंद्र महंत ने बताया कि किशनपुरा स्थित छत्रियों पर पिछले 18 वर्षों से निरंतर तर्पण महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश का सबसे बड़ा तर्पण आयोजन बताते हुए कहा कि इस अनुष्ठान से इंदौर शहर के वास्तु में निरंतर सुधार हो रहा है और इस तथ्य को नगर प्रशासन ने भी स्वीकार किया है।

महोत्सव में पं. अशोक चतुर्वेदी, लक्ष्मीनारायण भार्गव, अरुण अग्निहोत्री, अनंत योगेंद्र महंत सहित संचालक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भागवताचार्य पं. अशोक चतुर्वेदी ने किया। समापन अवसर पर महाआरती एवं प्रसाद वितरण हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पितरों का स्मरण कर श्रद्धापूर्वक तर्पण अर्पित किया।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button