देश

विश्व का एकमात्र कौशल्या माता का मंदिर चंदखुरी (छत्तीसगढ़) में…..

-कौशल्या माता की गोद में बाल रूप भगवान श्री राम की वात्सल्यमयी प्रतिमा

रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ राज्य की रायपुर राजधानी से करीब 27 किलोमीटर की दूरी पर स्थित चंदखुरी में विश्व का पहला अनूठा, अद्भुत एवं प्राचीन कौशल्या माता का मंदिर है। चंदखुरी स्थित इस मंदिर में जाने और देखने का सौभाग्य हाल ही में मुझे रायपुर ( छत्तीसगढ़) यात्रा के दौरान मिला।
बताया गया है कि चंदखुरी का प्राचीन नाम चंद्रपुरी था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार प्राचीन काल में पूरे छत्तीसगढ़ क्षेत्र को कौशल प्रदेश या दक्षिण कौशल कहा जाता था। माता कौशल्या के पिता को राजा सुकौशल या स्थानीय स्तर पर राजा भानुमंत (महारानी माता सुबाला /अमृत प्रभा) के नाम से जाना जाता था। वाल्मीकि एवं तुलसीकृत रामायण के अनुसार कौशल राजा का उल्लेख मिलता है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार राजा दशरथ जब युवराज थे, उनके अभिषेक के समय कौशल राजा भानुमंत को अयोध्या में आमंत्रित किया गया था। तब भानुमति माता कौशल्या अपने पिता के साथ अयोध्या गई थी। उनकी सुंदरता से मुग्ध होकर युवराज दशरथ ने विवाह का प्रस्ताव रखा। उस प्रस्ताव को राजा भानुमंत ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
चंदखुरी (छत्तीसगढ़) का प्राचीन नाम कौशल था। इस पावन भूमि में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की जननी माता कौशल्या का प्राचीन मंदिर पूरे भारत में एकमात्र मंदिर है। मंदिर गर्भगृह में माता कौशल्या जी की दुर्लभ प्रतिमा स्थापित है। जिसमें वे बाल स्वरूप में भगवान श्री राम को अपने गोद में लिए हुए है। इस प्राचीन मंदिर का मूल निर्माण लगभग 8 वीं से 10वीं शताब्दी के दौरान सोमवंशी राजवंश के शासनकाल में हुआ माना जाता है। यह मंदिर जलसेन नामक विशाल तालाब के बीचो-बीच स्थित है। चन्दखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर का जीर्णोद्वार संवत 1973 में सीताराम स्वामी वल्द नारायण स्वामी नायडू हिस्सेदार मालगुजार एवं ग्रामवासियों के विशेष सहयोग से किया गया था। समय-समय पर इस मंदिर का जीर्णोद्वार होता रहा है। वर्ष 2021 में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ” राम वन गमन पथ ” परियोजना के तहत इस मंदिर परिसर का पुनरुद्धार एवं सोंदर्यीकरण किया गया। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति में भगवान श्री राम को भांचा (भगिना/ भांजा) मानने की अनूठी परंपरा है। क्योंकि यह क्षेत्र श्रीराम का ननिहाल कहलाता है।

– प्रस्तुति: राजेंद्र पुरोहित

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button