उज्जैन

उज्जैन की शाही मस्जिद के भाग को तोड़ने की कार्रवाई बदस्तूर जारी…


-मस्जिद कमेटी के लोग ही अवैध भाग को हटाने में जुटे
-संवाद एवं जन प्रचार की कमी से एक समुदाय का बवाल,पत्थर बाजी, कुछ पुलिसकर्मी घायल
-पथराव के जवाब में अश्रु गैस के गोले दागे गए, लाठी का प्रयोग,
-मुंह को ढंक कर सामने आ रहे है,
स्थिति नियंत्रित किंतु माहौल तनावपूर्ण
-सुबह 10:00 बजे बाद से शहर के विद्यालयों में बच्चों को छोड़ा, गंतव्य पर पहुंचे विद्यार्थी

उज्जैन (लोक वर्चस्व टीम)। उज्जैन शहर के विकास, सिंहस्थ 2028 की तैयारियां और चौड़ीकरण की जद में आई छत्रीचौक उज्जैन की शाही मस्जिद के अवैध भाग को हटाने की कार्रवाई शाही मस्जिद कमेटी के लोगों द्वारा किया जा रहा है। सोमवार की सुबह से मस्जिद के करीब 15 फीट के भाग के हटाने की कार्रवाई बदस्तूर जारी है। शाही मस्जिद के इस भाग के हटाने से मस्जिद को कोई क्षति नहीं होगी और न ही इबादत में कोई रुकावट होगी। मस्जिद का बड़ा भाग है, जहां इबादत का स्थान सुरक्षित है।
रविवार की रात में शाही मस्जिद के भाग को हटाने को लेकर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई थी। हजारों लोग एक समुदाय के एकत्रित हो गए थे और शाही मस्जिद के भाग के हटाने की कार्रवाई का विरोध जता रहे थे। जैसे तैसे शाही मस्जिद कमेटी के जिम्मेदार लोगों और जिला प्रशासन के बीच हुई सौहार्दपूर्ण चर्चा के बाद सोमवार की सुबह में मस्जिद के भाग को हटाने पर सहमति हुई। सोमवार की सुबह में ही मस्जिद कमेटी के संरक्षण और उनके लोगों की उपस्थिति में, उनके लोगों द्वारा ही अतिक्रमण एवं अवैध भाग को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। जो पुलिस बल की मौजूदगी में बदस्तूर जारी है।

2 घंटे बाद भीड़ उमड़ी, पथराव की स्थिति बनी, अश्रु गैस के गोले छोड़े, पुलिस ने लाठियां घुमाई

इधर, मस्जिद कमेटी द्वारा अपनी ही मस्जिद के भाग हटाने की कार्रवाई के बाद एक समुदाय के सैंकड़ों लोग मुंह ढंक कर अर्थात अपनी पहचान छुपा कर पथराव किया। बताया गया कि सब्जी मंडी का भाग खुला होने से लोगों की भीड़ उधर से आकर शाही मस्जिद की ओर बढ़ने लगी। पुलिस बल ने रोकना चाहा तो उनके द्वारा पथराव किया जाने लगा। जवाब में पुलिस ने अश्रु गैस छोड़ी, हल्का लाठी चार्ज कर भीड़ को तीतर भीतर किया। पत्थर बाजी के दौरान कुछ पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं।
पथराव करने वालों का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि मस्जिद कमेटी के लोग ही मस्जिद के भाग के तोड़ने की कार्रवाई कर रहे हैं। फिर भी लोगों का विरोध जारी है। टुकड़ों-टुकड़ों एवं समूह में आकर विरोध दर्ज कर रहे हैं।
संवादहीनता की लापरवाही रहीं
हालांकि शहर काजी की ओर से शाही मस्जिद के बारे में स्पष्टीकरण एवं बयान दिया गया था। इस अपील में मुस्लिम समुदाय से धैर्य और शांति रखने की अपील की गई थी। किंतु इस अपील का सही तरीके से प्रचार नहीं हो पाया। इस बयान को आसपास के क्षेत्र में प्रसारण करवाना था, इसकी कमी रही। यही कारण रहा कि समुदाय के अनभिज्ञ लोग मस्जिद के भाग गिराने के विरोध में खड़े हो गए।
प्रशासन सतर्क, स्थिति नियंत्रण में
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने शाही मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों को विश्वास में लेकर ही मस्जिद के भाग की तोड़ने की कार्रवाई उनकी कमेटी के लोगों के माध्यम से ही करवाई जा रही है। बता दें कि सिंहस्थ 2028 का आयोजन होना है। देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। भीड़ नियंत्रण एवं सुगम यातायात के मद्दे नजर नगर के मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी की जद में शाही मस्जिद का भाग आ रहा है। जो भाग हटाए जा रहे हैं वहां मस्जिद द्वारा दी गई दुकानों के अधिकांश हिस्से प्रभावित होंगे।
स्कूलों में बच्चों की छुट्टी
शाही मस्जिद के भाग हटाने के विरोध से उत्पन्न स्थिति के बाद स्कूली बच्चों के अभिभावकों में बेचैनी उत्पन्न हो गई थी। वे अपने बच्चों को लेकर चिंतित हुए। इस पर जिला प्रशासन के निर्देश पर शहर के सभी विद्यालयों के बच्चों को सुबह 10बजे बाद छुट्टी दे दी गई। इसके बाद से स्कूल प्रबंधन एवं बच्चों के अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button