सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को नई गति : “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT)” द्वितीय बैच का सफलतापूर्वक समापन

-170 प्रशिक्षुओं को प्रदान किए गए प्रमाण-पत्र, वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किए अनुभव एवं दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
-“सिंहस्थ केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का महापर्व है”
उज्जैन 13 जून। सिंहस्थ-2028 के भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस उज्जैन द्वारा आयोजित “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT)” के द्वितीय बैच का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। आगामी सिंहस्थ महापर्व के दृष्टिगत महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रतिक्रिया, यातायात नियंत्रण, श्रद्धालु सहायता, जनसंपर्क एवं बहु-विभागीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहा। इसका उद्देश्य ऐसे दक्ष प्रशिक्षकों का निर्माण करना है जो आगे पुलिस बल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर सकें तथा सिंहस्थ के दौरान उच्च स्तरीय पुलिसिंग सुनिश्चित कर सकें।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रतिक्रिया, यातायात नियंत्रण, श्रद्धालु सहायता, जनसंपर्क एवं बहु-विभागीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहा। इसका उद्देश्य ऐसे दक्ष प्रशिक्षकों का निर्माण करना है जो आगे पुलिस बल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर सकें तथा सिंहस्थ के दौरान उच्च स्तरीय पुलिसिंग सुनिश्चित कर सकें।
गरिमामयी उपस्थिति में हुआ समापन
समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन जोन श्री नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री प्रदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (PTS) उज्जैन श्रीमती मनीषा पाठक सोनी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिमी श्री गुरु प्रसाद पाराशर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सिंहस्थ की चुनौतियों को समझकर करना होगा कार्य- पुलिस अधीक्षक
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम को पढ़ना नहीं, बल्कि उसके मूल भाव को समझना एवं उसे व्यवहारिक रूप से लागू करना है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 विश्व के सबसे बड़े मानव समागमों में से एक है, इसलिए प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी को गंभीरता एवं समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने बताया कि आगामी सिंहस्थ को दृष्टिगत रखते हुए अस्थायी थानों एवं पुलिस चौकियों की स्थापना, आधुनिक संचार एवं निगरानी तंत्र, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
ऐसी ड्यूटी करें जैसे हमारा अपना परिवार सिंहस्थ में आया हो”-डीआईजी श्री नवनीत भसीन
पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री नवनीत भसीन ने अपने उद्बोधन में कहा कि सिंहस्थ-2028 मध्यप्रदेश पुलिस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसमें सेवा भावना, अनुशासन एवं कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन होगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को अपने परिवार का सदस्य मानकर ड्यूटी करें, जिससे पुलिस की सेवाएं अधिक प्रभावी एवं मानवीय बन सकें।
उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसके लिए अभी से व्यापक प्रशिक्षण एवं तैयारी आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को सजग, अनुशासित एवं सकारात्मक रहकर सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।
170 प्रशिक्षणार्थियों ने प्राप्त किया विशेष प्रशिक्षण
“ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT)” के द्वितीय बैच में कुल 170 प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालु सहायता, संचार कौशल, व्यवहारिक पुलिसिंग, नेतृत्व क्षमता विकास एवं समन्वित कार्यप्रणाली जैसे विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल पुलिस सेवा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिमी श्री गुरु प्रसाद पाराशर द्वारा सभी वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशिक्षकों, आयोजकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सभी के योगदान की सराहना करते हुए आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में इसी प्रकार समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सिंहस्थ-2028 : सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-केंद्रित आयोजन की दिशा में निरंतर प्रयासरत उज्जैन पुलिस
उज्जैन पुलिस द्वारा सिंहस्थ-2028 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, तकनीकी रूप से सक्षम एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने हेतु प्रशिक्षण, संसाधन विकास, आधुनिक पुलिसिंग एवं क्षमता संवर्धन के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स” कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल है, जो आगामी सिंहस्थ में उत्कृष्ट पुलिस प्रबंधन की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगी।



