उज्जैन

मर्ग जांच से आत्महत्या प्रकरण का खुलासा, पत्नी को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला पति गिरफ्तार

-साक्ष्यों, गवाहों के कथनों एवं वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध BNS की धाराओं में की गई वैधानिक कार्रवाई

उज्जैन 11जन। उज्जैन पुलिस द्वारा थाना भैरवगढ़ क्षेत्र में दर्ज आत्महत्या संबंधी मर्ग जांच में तत्परता एवं निष्पक्ष विवेचना करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
घटना विवरण के अनुसार दिनांक 17.05.2026 को नईखेड़ी एवं असलोदा रेलवे स्टेशन के मध्य रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़े होने की सूचना स्टेशन अधीक्षक द्वारा थाना भैरवगढ़ पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई तथा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। मृतिका की पहचान नीलम भामी (उम्र 35 वर्ष) निवासी ग्राम झिरनिया, थाना भैरवगढ़, जिला उज्जैन के रूप में हुई।

मर्ग जांच के दौरान मृतिका के माता-पिता, भाई एवं अन्य परिजनों तथा घटना से संबंधित साक्षियों के कथन लेखबद्ध किए गए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतिका का पति सोनू भामी विगत कई वर्षों से शराब के नशे में उसके साथ लगातार मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना करता था। आरोपी की प्रताड़ना से मृतिका अत्यंत परेशान एवं मानसिक रूप से व्यथित रहती थी। मृतिका के परिजनों द्वारा भी अपने कथनों में आरोपी पति द्वारा निरंतर की जा रही मारपीट एवं प्रताड़ना की पुष्टि की गई।

जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, गवाहों के कथनों एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अवलोकन उपरांत यह स्थापित हुआ कि आरोपी सोनू भामी द्वारा की जा रही लगातार शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के कारण मृतिका ने क्षुब्ध होकर रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। उक्त तथ्यों के आधार पर आरोपी सोनू पिता स्व. सीताराम भामी, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम झिरनिया, थाना भैरवगढ़, जिला उज्जैन के विरुद्ध अपराध धारा 108 एवं 85 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस कार्यवाही

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना भैरवगढ़ पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश हेतु विशेष प्रयास किए गए। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी सोनू भामी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे विधिसम्मत अभिरक्षा में भेजा गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

थाना प्रभारी भैरवगढ़ निरीक्षक शैलेंद्र सिंह राजावत , उप निरीक्षक सुरेश कलेश , सहायक उप निरीक्षक सलीम खान , प्रधान रक्षक योगेंद्र मालवीय की सराहनीय भूमिका रही

उज्जैन पुलिस महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं घरेलू हिंसा संबंधी प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्यवाही करने हेतु प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button