Uncategorized

सांसद सीपी जोशी ने रतलाम मंडल की बैठक में चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र से जुड़े रेल विकास के महत्वपूर्ण सुझाव दिए

चित्तौड़गढ़, 6 जून। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौडगढ़ सांसद सीपी जोशी की ओर से पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में आयोजित मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में संसदीय क्षेत्र से संबंधित रेल अवसंरचना, रेलवे स्टेशन विकास, नई रेल परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सुझाव भेजे गए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण सांसद सीपी जोशी बैठक में स्वयं उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत सुझाव मंडल रेल प्रशासन को अपने प्रतिनिधी के साथ भेजे।

सांसद श्री जोशी ने पश्चिम रेलवे के लिये अपने सुझावों के पत्र में कहा कि चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रेल क्षेत्र है। क्षेत्र में रेल नेटवर्क के विस्तार, यात्री सुविधाओं के विकास और नई ट्रेनों के संचालन से पर्यटन, उद्योग, व्यापार तथा जनजातीय क्षेत्रों के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने रेलवे प्रशासन से आग्रह किया कि नीमच-बड़ीसादड़ी नई रेल लाइन परियोजना के कार्य में तेजी लाई जाए ताकि मानसून के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और किसानों को भी असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही नीमच-प्रतापगढ़-बांसवाड़ा- दाहोद-अलीराजपुर-नंदुरबार नई रेल परियोजना के सर्वे एवं स्वीकृति संबंधी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर परियोजना को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने नीमच-सिंगोली-बेगूं-रावतभाटा-कोटा रेल परियोजना तथा मंदसौर-प्रतापगढ़-बांसवाड़ा रेल परियोजना के लिए शीघ्र बजट आवंटन की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास एवं संपर्क व्यवस्था को नई दिशा देंगी।

उन्होंने उल्लेख किया कि चित्तौड़गढ़-रतलाम रेलखंड का दोहरीकरण पूर्ण होने से इस मार्ग की क्षमता बढ़ी है। ऐसे में नए रेल संचालन, अतिरिक्त स्टॉपेज और ट्रेनों की गति बढ़ाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

सांसद सीपी जोशी ने चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन को पर्यटन महत्व के अनुरूप विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्टेशन के विश्वस्तरीय विकास की पूर्व योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने स्टेशन पर एस्केलेटर, पीट लाइन, सभी प्लेटफॉर्मों पर शेड एवं टॉयलेट सुविधा, पर्याप्त पार्किंग, वेटिंग हॉल, रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री एवं क्लॉकरूम जैसी सुविधाओं के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 5 तक पहुंचने वाले मार्ग के चौड़ीकरण एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण, ओरड़ी स्टेशन के नजदीक औछड़ी क्षेत्र में रेलवे अंडरपास निर्माण, चित्तौडगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर निर्मित जीआरपी थाना भवन के पुनर्निर्माण तथा मीरा प्रवेश द्वार क्षेत्र में यातायात बाधा दूर करने हेतु आवश्यक कार्य करने का सुझाव भी दिया।

सांसद सीपी जोशी ने चंदेरिया रेलवे स्टेशन पर प्रवेश मार्ग चौड़ा करने, प्लेटफॉर्मों पर शेड निर्माण, कैंटीन सुविधा विकसित करने तथा उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी, उदयपुर हजरत निजामुद्दीन मेवाड़ एक्सप्रेस, हिसार-हैदराबाद एवं जयपुर-हैदराबाद ट्रेनों के ठहराव की मांग की।

निम्बाहेड़ा रेलवे स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम स्थापित करने, रेलवे फाटकों पर अंडरपास निर्माण तथा विभिन्न महत्वपूर्ण एक्सप्रेस एवं हमसफर ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव भी भेजा गया। इसी प्रकार शंभूपुरा रेलवे स्टेशन पर भी प्रमुख ट्रेनों के ठहराव तथा अरनियापंथ एवं शंभुपुरा क्षेत्र में रेलवे अंडरपास निर्माण की भी मांग रखी।

सांसद सीपी जोशी ने चित्तौड़गढ़ क्षेत्र को देश के प्रमुख महानगरों से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने दिल्ली-अजमेर-चित्तौड़गढ़-रतलाम-वडोदरा-मुंबई मार्ग पर शताब्दी अथवा राजधानी जैसी प्रीमियम श्रेणी की तेजगति ट्रेन संचालित करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने उदयपुर-बांद्रा एक्सप्रेस को दैनिक करने, गुजरात मेल, लोकशक्ति एक्सप्रेस एवं कर्णावती एक्सप्रेस का विस्तार चित्तौड़गढ़ तक करने तथा उदयपुर-इंदौर वाया रतलाम-उज्जैनवंदे भारत ट्रेन संचालित करने का सुझाव दिया। उन्होने यह भी कहा कि वर्तमान में संचालित उदयपुर-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस को चित्तौड़गढ़ तक तथा आगे सूरत तक विस्तारित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाना चाहिए।

सांसद सीपी जोशी ने उज्जैन में आगामी सिंहस्थ महाकुंभ को देखते हुए अजमेर-रतलाम मार्ग पर स्थित स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, पर्याप्त पैसेंजर ट्रेनों के संचालन तथा भीड़ प्रबंधन की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

सांसद सीपी जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन इन सुझावों पर सकारात्मक विचार कर क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल आवश्यकताओं को प्राथमिकता देगा, जिससे चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र सहित सम्पूर्ण मेवाड़, मालवा, कांठल एवं वागड़ अंचल को लाभ मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button