देश

देवउठनी एकादशी पर 20 नवंबर को होगी स्वर्णगिरि पर्वत की परिक्रमा

-श्री कृष्ण-सुदामा के मैत्री धाम चिरमिया से सुबह 8 बजे शुरू होगी यात्रा

उज्जैन (राजेंद्र पुरोहित)। महिदपुर तहसील के ग्राम चिरमिया स्थित श्री स्वर्णगिरि पर्वत की प्रतिमाह होने वाली परिक्रमा इस बार देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर 20 नवंबर शुक्रवार को आयोजित की जाएगी। श्री स्वर्णगिरि पर्वत तीर्थ क्षेत्र समिति द्वारा यात्रा की रूपरेखा तय कर ली गई है। समिति के डॉ. दुर्गाशंकर पांचाल बांदका ने बताया कि परिक्रमा सुबह 8 बजे श्री कृष्ण-सुदामा के मैत्री धाम श्री स्वर्णगिरि मुखारविंद ग्राम चिरमिया से प्रारंभ होगी।
यह यात्रा श्री वीर हनुमान मंदिर आक्याधांगा, श्री बालाजी धाम महू और श्री कृष्ण-सुदामा धाम नारायणा होते हुए पुनः मैत्री धाम स्वर्णगिरि मुखारविंद पहुंचेगी। यहां भगवान को माखन और मिश्री का महाभोग लगाकर महाआरती की जाएगी, जिसके पश्चात परिक्रमा पूर्ण होगी। समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं से भारतीय संस्कृति के अनुरूप वस्त्र धारण कर परिक्रमा में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

संतों के सानिध्य में निकलेगी परिक्रमा

परिक्रमा महामंडलेश्वर स्वामी अतुलेशानंद सरस्वती महाराज अर्थात आचार्य श्री शेखर महाराज के सानिध्य में निकलेगी। इसमें विशेष रूप से शक्तिधाम मां चामुंडा बिजासन महिदपुर टेकरी वाली माताजी अपने भक्तजनों के साथ पर्वत की परिक्रमा करेंगी।

कृष्ण-सुदामा से जुड़ा है पौराणिक महत्व

भगवान कृष्ण और सुदामा से जुड़ा है पौराणिक महत्व स्वर्णगिरि पर्वत का अपना विशेष ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व है। शिक्षा काल के दौरान भगवान श्री कृष्ण और सुदामा ने इसी पर्वत से लकड़ियां एकत्रित की थीं। मान्यता है कि भगवान कृष्ण के चरण पड़ने से यह पर्वत स्वर्ण का हो गया था, इसी कारण इसे स्वर्णगिरि कहा जाता है। आज भी इस पर्वत पर कई ऐसे पत्थर मौजूद हैं जिन्हें बजाने पर घंटी जैसी स्पष्ट ध्वनि सुनाई देती है। इसके अलावा श्री कृष्ण के चरणों से बहती हुई जल की धारा आज भी यहां साक्षात दर्शनीय है।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button