देश

योगनिद्रा से जागेंगे श्रीहरि, देवोत्थान एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य

-तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ होगा चातुर्मास का समापन

-20 नवंबर को मनेगा आध्यात्मिक पर्व

उज्जैन (राजेंद्र पुरोहित)। सनातन धर्म में कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इस वर्ष शुक्रवार 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है। श्रीहरि के जागते ही विवाह, गृहप्रवेश सहित सभी मांगलिक कार्यों का पुनः शुभारंभ हो जाएगा।
श्री मातंगी ज्योतिष केंद्र के ज्योतिर्विद पं. अजय कृष्ण शंकर व्यास ने बताया कि उज्जैन की पंचांग गणना के अनुसार यह पर्व भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। एकादशी तिथि पर व्रत, जप, ध्यान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि भगवान विष्णु के योगनिद्रा में जाने के पश्चात सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवोत्थान एकादशी पर श्रीहरि के जागरण के साथ ही सृष्टि संचालन का चक्र पुनः गतिमान होने का प्रतीकात्मक उत्सव मनाया जाता है।

तुलसी-शालिग्राम विवाह की है परंपरा

ज्योतिर्विद पं. अजय व्यास ने बताया कि देवोत्थान एकादशी पर तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा है। इस अवसर पर तुलसी पूजन, दीपदान, विष्णु सहस्रनाम पाठ और मंत्र-जप किए जाते हैं। यह पर्व धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से भी मांगलिक आयोजनों के शुभारंभ का प्रतीक है।
मुरासुर के वध से जुड़ी है एकादशी की कथा
पौराणिक कथा के अनुसार मुरासुर नामक दैत्य के वध के लिए भगवान विष्णु की दिव्य शक्ति से एक देवी प्रकट हुईं। उन्होंने मुरासुर का संहार किया। देवी के पराक्रम से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें एकादशी नाम प्रदान किया। इसी मान्यता के कारण एकादशी व्रत को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है।

इंद्रियों पर नियंत्रण का संदेश

पं. व्यास के अनुसार भारतीय ज्योतिष परंपरा में चंद्रमा को मन का कारक माना गया है। एकादशी व्रत में संयम, उपवास, सात्विक आहार एवं ध्यान के माध्यम से मन और इंद्रियों पर नियंत्रण का अभ्यास कराया जाता है। यह आत्मशुद्धि और ईश्वर के प्रति समर्पण का संदेश देता है। वर्षभर में आने वाली 24 एकादशियों में देवोत्थान, निर्जला और मोक्षदा एकादशी विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी गई हैं।
प्रातः स्मरणीय मंत्र
कराग्रे वसते लक्ष्मीः करमध्ये सरस्वती।
करमूले तु गोविन्दः प्रभाते करदर्शनम्॥

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button