90 खिलाड़ियों की भागीदारी से शुरू हुई आशा मेहता स्मृति टेबल टेनिस स्पर्धा

-राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए मिला खिलाड़ियों को मंच, अब प्रतिवर्ष होगा आयोजन
उज्जैन (लोकवर्चस्व टीम)। शहर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से आशा मेहता स्मृति टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ राजमाता सिंधिया खेल परिसर, नानाखेड़ा स्टेडियम में हुआ। उज्जैन जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के संयोजन में स्वर्गीय श्रीमती हेमकांता दामोदर मेहता स्मृति पारमार्थिक न्यास द्वारा आयोजित इस स्पर्धा में शहर के करीब 90 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
शुभारंभ समारोह में जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा, समाजसेवी किरणकांत मेहता, विजय शर्मा एवं आशीष शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
स्पर्धा संयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य 26 नवंबर से इंदौर में प्रारंभ होने वाली राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए उज्जैन के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। इससे खिलाड़ी अपनी कमियों को सुधारकर राज्य स्तरीय स्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा ने कहा कि उज्जैन के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें विश्वास है कि खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने आयोजन में विशेष सहयोग के लिए किरणकांत मेहता का आभार भी माना।
समाजसेवी किरणकांत मेहता ने घोषणा की कि आशा मेहता स्मृति टेबल टेनिस प्रतियोगिता अब प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी। इससे शहर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का निरंतर अवसर मिलेगा।
स्पर्धा के मुख्य निर्णायक सतीश मेहता ने बताया कि प्रतियोगिता में बालक वर्ग के अंडर-14, अंडर-17, पुरुष सीनियर एवं महिला वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। लगभग 90 खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
अतिथियों का स्वागत, गणमान्यजन रहे उपस्थित
प्रारंभ में संस्था अध्यक्ष एस.पी. झा, कार्यकारिणी अध्यक्ष एस.के. वशिष्ठ, श्रीमती प्रेरणा मेहता, सतीश नागर, अंकुर जैन, अक्षय नीमा, लक्ष्य बड़ोदिया, मेघा सर्वटे, हिमांशु जैन एवं अंशुल कारपेंटर ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव सतीश मेहता ने किया तथा आभार एस.के. वशिष्ठ ने माना।
इस अवसर पर भगवान शर्मा, अजय काले, मनोज शर्मा, शिवराज सिंह, जे.पी. पाराशर, अमिताभ श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, जी.के. वैद्य, अनिल पीरिया, मयंक भांड, सचिन यादव, कृष्णा नामदेव एवं प्रदीप सूद सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।



