12 घंटे चले संगीत महाकुंभ में 400 कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

उज्जैन। विश्व संगीत दिवस के अवसर पर शनिवार को कालिदास अकादमी में संगीत के महाकुंभ का आगाज हुआ। हारमोनियम बीट्स संस्था द्वारा आयोजित इस संगीत समारोह के पहले दिन 30 संस्थाओं के 400 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चले इस आयोजन में शास्त्रीय, अर्ध शास्त्रीय, वायलिन, सारंगी, तबला, बांसुरी, हारमोनियम और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अर्जी वाले हनुमान मंदिर एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी महाराज, उद्योगपति संजय अग्रवाल, वरिष्ठ नृत्य गुरु पद्मजा रघुवंशी, वरिष्ठ नृत्य गुरु पल्लवी किशन, जिला अस्पताल चरक भवन की डायरेक्टर हिमांगी चौहान, संयुक्त ब्राह्मण समाज की अध्यक्ष रेखा भार्गव, भाजपा महिला मोर्चा की प्रीति धानक, अजय शंकर तिवारी, आशुतोष शास्त्री और निरंजन सरसरिया ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इसके पश्चात संस्था की अध्यक्ष प्रीति दीक्षित, कोषाध्यक्ष इंजीनियर मुकेश शिंदे और सचिव जयेंद्र रावल ने अतिथियों व कलाकारों का सम्मान किया। शाम के सत्र में प्रधानमंत्री से अवार्ड प्राप्त ज्योति चौधरी ने नल यंत्र कला का प्रदर्शन किया।



