देश

‘खूब लड़ी मर्दानी वो तो..,’ गाकर सीएम डॉ. मोहन ने 1.25 करोड़ बहनों को दी राशि, कांग्रेस को लताड़ा

लाडली बहना योजना

  • सागर जिले में आयोजित हुआ कार्यक्रम
  • 190 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन
  • प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल रहा स्वर्णिम काल

भोपाल/सागर। ‘बुंदेले हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी थी, खूब लड़ी मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी थी…’ बहनों ने हर काल में जान की बाजी लगाकर देश के मान-सम्मान में बड़ी भूमिका अदा की है। आज यहां मौजूद बहनों की संख्या देखकर मेरा उत्साह 4 गुना बढ़ गया। मैं उनका अभिनंदन करता हं। आज सावन से पहले लाड़ली बहनों को योजना की 37वीं किस्त की राशि उनके खातों में भेजी जा रही है।’ यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में कही। वे 14 जून को यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, योग दिवस (21 जून) तक आयोजित लाड़ली बहना खेल सप्ताह का शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने सागर जिले के लिए 190 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। उन्होंने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में राशि ट्रांसफर की। साथ ही, बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली छात्राओं को स्कूटी प्रदान की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे जीवन में 12 वर्ष का बड़ा महत्व होता है। 12 महीने, 12 राशियां और हर 12वें वर्ष सिंहस्थ होता है। अब यही 12 का आंकड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी संबद्ध हो गया है। उनके कार्यकाल के 12 वर्षों में देश ने स्वर्णिम काल देखा। गैर कांग्रेसी परिवार से निकलकर उन्होंने उच्च पद तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि हम तो इस बात के लिए भी सौभाग्यशाली हैं कि मध्यप्रदेश की धरती के गरीब परिवार से निकलकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 साल तक प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार हमारा नेतृत्व किया। स्व. अटल के बाद पीएम मोदी के 12 वर्ष के काल्यकाल को देखकर लगता है कि वाकई देश में एक-एक क्षेत्र में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शासन के उच्चतम मापदंडों के बलबूते पर कई उपलब्धियां हासिल कीं।

पूरे हुए गरीबों के सपने
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमने महर्षि वाल्मीकि की रामायण के माध्यम से राम राज्य के बारे में सुना है। रामायण का राम राज्य और विक्रमादित्य का सुशासन हमने अतीत की गौरव गाथा में महसूस किया है। लेकिन, आज अपने सामने हमने 12 साल में होने वाला बदलाव देखा। सच में, कभी सोच नहीं सकते थे कि गरीब आदमी का अपना स्वयं का मकान होगा। यह पहली बार किसी की सरकार में हुआ है तो वो मोदी सरकार में हुआ है। अपनी छत सपना होती थी। पीएम मोदी ने माताओं-बहनों के कष्ट को अंदर से महसूस किया। इसलिए उन्होंने उनके लिए घर, शौचालय, गैस, फ्री-राशन की व्यवस्था की। यह पीएम मोदी की भावना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने 60 साल सरकार चलाई, लेकिन, उसने गरीब का, उसके मान-सम्मान का ख्याल नहीं रखा। कांग्रेस ने सत्ता में रहते जो लापरवाही की, उन सबका हिसाब मांगने का समय आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लौकतंत्र को गौरवांवित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहनों को 30 फीसदी अधिकार देने के लिए नारी वंदन अधिनियम लेकर आए थे, लेकिन नारी हूं लड़ सकती हूं कहने वाली प्रियंका गांधी, उसका भाई और कांग्रेस का पूरा कुनबा इसके खिलाफ अड़ गया। देश और दुनिया ने महिलाओं के अधिकारों पर डाका डालते, नारी वंदन अधिनियम को गिरते और प्रधानमंत्री मोदी की भावना को तार-तार होते देखा। अगर ये अधिकार मिलता, तो बहनों को उनका हक मिलता। उन्होंने कहा कि ये वे ही लोग हैं जो कहते थे लाड़ली बहना योजना का पैसा कहां से लाओगे, पैसा है ही नहीं, बीजेपी वाले झूठ बोल रहे हैं, मुझे इस बात का गर्व है कि यह योजना अब तीसरे साल में प्रवेश कर रही है। रक्षाबंधन साल में एक बार आता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने 15 तारीख से पहले अपना वादा पूरा करती है। राज्य सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है। हमारी बहनें त्याग और समर्पण की मूर्ति है। अपनी परवाह किए बिना पूरे परिवार का ख्याल रखती हैं।

कांग्रेस ने रचा षडयंत्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है। वहां कांग्रेस नेत्री बहन के साथ दुराचार हुआ। वो थाने गई, लेकिन आरोपी कांग्रेस नेता के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखी गई। फिर वो हार कर प्रदेश प्रभारी मीनाक्षी नटराजन के पास गई। लेकिन, उन्होंने भी पीड़िता की कोई मदद नहीं की। फिर उसने न्यायालय की शरण ली और नोटिस भिजवाया। एक नोटिस मीनाक्षी नटराजन को मिला। उन्होंने उसका जबाव भी कोर्ट को दिया। अब समझ लीजिए कहां कौन गलती कर रहा है। कांग्रेस ने चालाकी से यह प्रकरण चुनाव प्रक्रिया में छिपा लिया, क्योंकि इससे कांग्रेस की सरकार और उनकी बदनामी हो जाती, कौन वोट देता। जो दो-तीन और नेता जो उम्मीदवारी की लाइन में थे, वे भी सामने आ जाते। यह पूरा षड्यंत्र कांग्रेस ने रचा है। नामांकन रद्द होने पर कांग्रेसी जानबूझकर चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट गए। लेकिन चुनाव प्रक्रिया के बीच में सुप्रीम कोर्ट कुछ नहीं करता है। ये जानबूझकर उल्टे काम करते हैं।

सीएम डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवरी में आज लगभग 200 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि-पूजन किए गए हैं।
  • केसली में सांदीपनि विद्यालय बनेगा। चिरचिटा में हाईस्कूल का उन्नय किया जाएगा। शासकीय हाईस्कूल देवरी का उन्नयन। कृषि उपज मंडी केसली का नाम रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर होगा। देवरी में 100 बेड का बड़ा अस्पताल बनेगा।
  • केसली ब्लॉक में 563 करोड़ लागत से नया जलाशय बनेगा। राज्य सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा 44 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाया है। अगले ढाई वर्ष में यह रकबा 100 लाख हेक्टेयर किया जाएगा।
  • देवरी में लहसुन और प्याज की मंडी बनेगी। देवरी शासकीय महाविद्यालय में कला और वाणिज्य के संकाय शुरू किए जाएंगे।
  • देवरी का नाम देवपुरी करने का प्रस्ताव आने पर विचार किया जाएगा।
  • देवखंडेरा मंदिर का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
  • गौरझांवर पंचायत को नगर पंचायत बनाया जाएगा।
  • केसली को नगर पंचायत बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button