राजस्थान सरकार का बड़ा एक्शन, दो विश्वविद्यालयों के कुलपति बर्खास्त

जयपुर, 29 मई।राजस्थान सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय और बाबा आम्टे दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. देवस्वरूप को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है।
प्रो. देवस्वरूप पर नियुक्तियों में अनियमितता, नियमों की अनदेखी कर मनमानी भर्तियां करने तथा चहेते अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने के गंभीर आरोप लगे थे। बताया जा रहा है कि दोनों विश्वविद्यालयों में बुनियादी ढांचे और कार्यालय व्यवस्था का अभाव होने के बावजूद हर महीने करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे थे।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने राज्य सरकार की अनुशंसा पर बर्खास्तगी के आदेश जारी किए। जानकारी के अनुसार प्रो. देवस्वरूप के खिलाफ पूर्व में राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यकाल से जुड़ी जांच रिपोर्ट को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया है।
राज्यपाल ने साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए राजुवास, जोबनेर के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) त्रिभुवन शर्मा को बाबा आम्टे दिव्यांग विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वहीं हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.एन.के. पाण्डेय को विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।



