शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की राष्ट्रीय प्रांत संयोजक बैठक 30–31 मई को पुणे में


उज्जैन 29 मई। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली द्वारा 30 एवं 31 मई को राष्ट्रीय प्रांत संयोजक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक श्रीमती नाथीबाई दामोदर ठाकर्सी महिला विश्वविद्यालय, पुणे परिसर में आयोजित होगी।
बैठक में देशभर के 40 से अधिक प्रांतों से 200 से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहने वाले हैं। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय बैठक में विभिन्न प्रांतों के प्रांत संयोजक, सह-संयोजक, न्यास के विभिन्न विषयों एवं आयामों के प्रांत संयोजक व सह-संयोजक, क्षेत्रीय अधिकारी तथा राष्ट्रीय पदाधिकारी सहभागी होंगे।
बैठक में न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, राष्ट्रीय संयोजक ए. विनोद, राष्ट्रीय सह-संयोजक संजय स्वामी, ओम शर्मा एवं राजेश्वर पराशर, राष्ट्रीय सह-सचिव श्रीमती सविता सेंगर, उज्जैन के अशोक कड़ेल, डॉ. भरत व्यास, डॉ. राकेश ढांड, डॉ. गीता नायक, डॉ. राजीव पांड्या एवं डॉ. जफर महमूद प्रतिभागिता करेंगे।
साथ ही देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के कुलपति, निदेशक, प्राचार्य, शिक्षाविद एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ विशेषज्ञ भी इस बैठक में विशेष रूप से सहभागिता करेंगे।
बैठक में “विकसित भारत @ 2047 के लिए शिक्षा” विषय पर एक राष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी भी होगी। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र शासन के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत (दादा) पाटिल उपस्थित रहेंगे।
मुख्य वक्ता न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी होंगे। अध्यक्षता पुणे प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुनील भिरुड़ करेंगे।
यह राष्ट्रीय संगोष्ठी विकसित भारत 2047 की संकल्पना को साकार करने में शिक्षा की भूमिका, भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित शिक्षण व्यवस्था तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर केंद्रित होगी।
तीन दिवसीय बैठक की जानकारी देते हुए न्यास के क्षेत्रीय संयोजक प्रचार प्रसार डॉ. जफर महमूद ने बताया कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं भारतीयता आधारित शिक्षा के प्रसार को नई दिशा प्राप्त होगी।



