प्रदेश

कैंसर के अत्याधुनिक उपचार व नई रिसर्च पर विशेषज्ञों ने किया मंथन

-आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में जुटे देशभर के जाने-माने ऑन्कोलॉजिस्ट

-उज्जैन कैंसर सेंटर में जल्द मिलेगी पीईटी स्कैन सुविधा

उज्जैन। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के नाद ब्रह्मा कन्वेंशन सेंटर में 25 और 26 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय एमपी-सीजी चैप्टर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी कॉन्फ्रेंस में देशभर के विशेषज्ञों ने कैंसर के इलाज पर मंथन किया। इस साइंटिफिक मीटिंग में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट, मेडिकल फिजिसिस्ट, रेजिडेंट्स और कैंसर केयर प्रोफेशनल्स शामिल हुए। यह कॉन्फ्रेंस कैंसर के क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान, एकेडमिक चर्चा और नई रिसर्च के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई।

कार्यक्रम में प्रिसिजन रेडियोथेरेपी, उभरती तकनीकों, एविडेंस-बेस्ड क्लिनिकल प्रैक्टिस और कैंसर मैनेजमेंट के मल्टीडिसिप्लिनरी अप्रोच पर एक्सपर्ट पैनल चर्चा, केस-आधारित विचार-विमर्श तथा ओरल व पोस्टर प्रेजेंटेशन हुए। पोस्टग्रेजुएट छात्रों और युवा ऑन्कोलॉजिस्ट ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने रिसर्च और क्लिनिकल अनुभव साझा किए।

नवीनतम उपचार सुविधाएं

आयोजक अध्यक्ष एवं आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. वीके महाडिक ने बताया कि यह आयोजन निरंतर चिकित्सा शिक्षा और रिसर्च के माध्यम से कैंसर देखभाल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया। वहीं, उज्जैन कैंसर सेंटर के अध्यक्ष डॉ. दिनेश पेंढारकर ने बताया कि सेंटर नवीनतम रेडिएशन मशीनों और सर्वोत्तम तकनीक से सुसज्जित है। यहां जल्द ही पीईटी स्कैन सुविधा शुरू होने वाली है। यह राज्य का एकमात्र मेडिकल कॉलेज है जो कैंसर निदान के लिए नवीनतम एनजीएस और फ्लोसाइटोमेट्री सुविधाएं दे रहा है। इसके साथ ही टार्गेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, प्रेसिजन ऑन्कोलॉजी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और कार टी सेल थेरेपी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं यहां पहले से उपलब्ध हैं।

कई जाने-माने विशेषज्ञ आए

कॉन्फ्रेंस में देशभर के ख्यात कैंसर विशेषज्ञ शामिल हुए। इनमें एआरओआई के अध्यक्ष डॉ. हामिद घोरी, सचिव डॉ. सुरुचि सिंह, राष्ट्रीय कैंसर संस्थान और एम्स के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. जीके रथ, डॉ. एसएन सेनापति, डॉ. श्रीनिवासन वेकाटेसन, डॉ. जेपी अग्रवाल, डॉ. सिद्धार्थ लस्कर और डॉ. विवेक आनंद उपस्थित थे। कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. दिनेश पेंढारकर और डॉ. पीजी चितालकर रहे। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी फैकल्टी सदस्यों, प्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

राजेंद्र पुरोहित

वरिष्ठ पत्रकार एवं Editor-in-Chief राजेंद्र पुरोहित पत्रकारिता के क्षेत्र में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने नईदुनिया, जागरण, अग्निबाण, सिटी चैनल और साधना न्यूज़ सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य किया है। मध्य प्रदेश के अधिमान्य पत्रकार राजेंद्र पुरोहित लोक वर्चस्व समाचार पत्र एवं lokvarchasva.in के संस्थापक और Editor-in-Chief हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button