देश

डिग्रियों के बाद भटकने की जरूरत नहीं… विक्रम विवि के तीन कोर्सेज से सीधे मिलेगी नौकरी

उज्जैन 03जून। बड़ी डिग्रियां हासिल करने के बाद भी रोजगार के लिए भटक रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की समाजशास्त्र अध्ययनशाला तीन ऐसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम संचालित कर रही है जिन्हें पूरा करने के बाद सीधे नौकरी प्राप्त की जा सकती है।

अध्ययनशाला की विभागाध्यक्ष प्रो. ज्योति उपाध्याय ने बताया कि विभाग में एक वर्षीय ‘गाइडेंस एंड काउंसलिंग’ डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित है। इसे करने के बाद शासकीय चिकित्सालयों और बड़े निजी अस्पतालों में सीधे रोजगार के अवसर मिलते हैं। देशभर के विद्यालयों में बच्चों की मानसिक काउंसलिंग अनिवार्य होने से काउंसलर की मांग तेजी से बढ़ी है। इसके अलावा युवा स्वयं का काउंसलिंग सेंटर खोलकर भी प्रतिष्ठापूर्ण करियर बना सकते हैं।

 तैयार हो रहे विशेषज्ञ

वर्तमान सामाजिक परिवेश को देखते हुए छह माह का ‘फैमिली एंड मैरिज गाइडेंस’ सर्टिफिकेट कोर्स भी बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। विवाह संबंधों के असफल होने और निराशा के बीच यह कोर्स ऐसे पेशेवर विशेषज्ञ तैयार करता है जो टूटते परिवारों को बचाकर उन्हें स्थायित्व प्रदान करते हैं। इसी तरह समाज में पेशेवर सामाजिक कार्यकर्ता तैयार करने के उद्देश्य से दो वर्षीय ‘मास्टर इन सोशल वर्क’ डिग्री कोर्स भी संचालित किया जा रहा है।

किसी भी उम्र में ले सकते हैं प्रवेश

इन पाठ्यक्रमों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नई शिक्षा नीति के तहत इनमें प्रवेश के लिए उम्र या भाषा की कोई बाध्यता नहीं है। कोई भी स्नातक डिग्री प्राप्त व्यक्ति किसी भी उम्र में इन तीनों कोर्सेज को कर सकता है। प्रवेश से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए सुमन मानविकी भवन स्थित समाजशास्त्र अध्ययनशाला में संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button