दतिया विधानसभा उपचुनाव: 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज, 3 अगस्त को होगी मतगणना

फोटो एआई जेनरेट
दतिया। प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में कुल 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और किसी भी केंद्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दलों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपनी-अपनी ईवीएम और वीवीपैट मशीनें शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, दतिया स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रूप से जमा करा दी हैं। मतदान के दौरान जिन कुछेक केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने की शिकायत मिली थी, वहां प्रशासनिक सतर्कता दिखाते हुए तुरंत मशीनें बदली गईं और सुचारु रूप से मतदान प्रक्रिया को फिर से चालू कराया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं। आगामी 3 अगस्त को कड़ी सुरक्षा के साए में मतगणना संपन्न कराई जाएगी, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पुख्ता कर लिए गए हैं। (SHABD,दतिया)



